नवनियुक्त कुलपति प्रो. शिवेंद्र कुमार कश्यप से मिले लालकुआं नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी, दी शुभकामनाएं -किया सम्मानित

Spread the love

पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रोफेसर शिवेंद्र कुमार कश्यप से पूर्व सैनिक एवं नगर पंचायत लालकुआँ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सुरेंद्र लोटनी ने प्रो. कश्यप को पहाड़ी टोपी पहनाकर सम्मानित किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी ने कहा कि प्रो. कश्यप के नेतृत्व में विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान और कृषि नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके कुशल मार्गदर्शन में किसानों, युवाओं और शोधार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। इस दौरान लालकुआँ क्षेत्र के विकास, कृषि उन्नयन और स्थानीय जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

उल्लेखनीय है कि गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नए कुलपति के रूप में प्रोफेसर शिवेंद्र कुमार कश्यप की नियुक्ति सोमवार को लोकभवन द्वारा जारी अधिसूचना के माध्यम से की गई। उनकी नियुक्ति से विश्वविद्यालय परिवार, शिक्षाविदों और क्षेत्रवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
प्रो. कश्यप वर्तमान में विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय में कृषि संचार विभाग के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। पिछले 24 वर्षों में उन्होंने कृषि संचार, कृषि विस्तार, कृषि शिक्षा तथा आधुनिक शिक्षण पद्धति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। अपने लंबे शैक्षणिक अनुभव, शोध कार्यों और नवाचारपूर्ण सोच के माध्यम से उन्होंने विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रो. कश्यप को शैक्षणिक एवं शोध क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाने की दिशा में उनके योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित “मंथन पुरस्कार” से भी सम्मानित किया गया है। कृषि संचार, प्रशिक्षण पद्धति और शिक्षण प्रणाली जैसे विषयों पर उनकी कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जो शिक्षा जगत में विशेष पहचान रखती हैं।

मुलाकात के दौरान वार्ड नंबर-2 के सभासद धन सिंह बिष्ट, भाजपा मंडल महामंत्री बॉबी सम्मल, युवा समाजसेवी पंकज पांडेय, निशांत गिरी एवं वरुण पाठक भी मौजूद रहे। सभी ने नवनियुक्त कुलपति को शुभकामनाएं देते हुए विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *