(लालकुआं ) टांडा जंगल में खूनी हाथी का आतंक, 72 घंटे में तीसरी मौत — ग्रामीणों में रोष व्याप्त

Spread the love

लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र के टांडा जंगल में डेड दांत वाले खूंखार टस्कर हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 72 घंटे के भीतर हाथी ने तीसरी जान ले ली, जिससे पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार को जंगल में लकड़ी बीनने गई एक 60 वर्षीय महिला को हाथी ने सूंड से पटक-पटक कर मार डाला। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को जल्द पकड़ने या आबादी क्षेत्र से खदेड़ने की गुहार लगाई है।

 

जानकारी के मुताबिक शाह पठानी गांव से पंतनगर की ओर जाने वाले जंगल मार्ग में तीन महिलाएं लकड़ी बीनने गई थीं। इसी दौरान अचानक जंगल से निकले डेड दांत वाले टस्कर हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी को देख महिलाएं जान बचाने के लिए भागीं, लेकिन हाथी ने 60 वर्षीय मैंना देवी पत्नी स्वर्गीय बाबूलाल, निवासी झा कॉलोनी पंतनगर, का पीछा कर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी ने महिला को सूंड से कई बार जमीन पर पटका और फिर पैरों से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। साथ गई अन्य महिलाएं किसी तरह अपनी जान बचाकर कॉलोनी पहुंचीं और लोगों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला दम तोड़ चुकी थी और हाथी जंगल की ओर निकल गया था। सूचना पर लालकुआं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा तथा टांडा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम पुलिस और वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

बताया जा रहा है कि मृतका के परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
उल्लेखनीय है कि इसी टस्कर हाथी ने दो दिन पहले सांप पठानी क्षेत्र में खेत में सो रहे दो लोगों को भी कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत गहरा गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, हाथी की निगरानी तेज करने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए शीघ्र ठोस कार्रवाई की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *