( बड़ी खबर ) – यहां नशे के सौदागर पर पुलिस का वार, 1.121 किलो चरस की खेप के साथ शातिर तस्कर चढ़ा पुलिस के हत्थे

Spread the love

 

 

हल्द्वानी। “लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत संचालित “ऑपरेशन प्रहार” में कुमायूँ पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.121 किलोग्राम अवैध चरस के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में परिक्षेत्रीय एसओटीएफ कुमायूँ एवं कोतवाली हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को गांधी इंटर कॉलेज रोड स्थित तरणताल के निकट सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस टीम की नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 1.121 किलोग्राम अवैध चरस की खेप बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिकेत बाल्मीकि पुत्र हरकेश बाल्मीकि, उम्र 32 वर्ष, निवासी गांधीनगर वार्ड नंबर-27, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में एसओटीएफ कुमायूँ रेंज की टीम के साथ कोतवाली हल्द्वानी के उपनिरीक्षक मनोज कुमार की अहम भूमिका रही।
कुमायूँ पुलिस ने स्पष्ट किया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *