हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई डकैती के मामले का नैनीताल पुलिस ने खुलासा करते हुए दो और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त वरना कार तथा लूटी गई नकदी में से एक लाख चालीस हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 19 अगस्त 2026 को डायल-112 के माध्यम से गोरापड़ाव क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों द्वारा लूटपाट की सूचना मिली थी। सूचना पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मामले में वादी नारायण दास निवासी अंबा विहार, तीनपानी की तहरीर पर एफआईआर संख्या 284/26, धारा 310(2) बीएनएस के तहत दस अज्ञात बंदूकधारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने करीब पचास पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित कीं। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी सहित थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस और डॉग स्क्वायड को शामिल किया गया।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलीजेंस के आधार पर आरोपियों की पहचान की। मामले में यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह और अफजल मलिक को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
इसी क्रम में पुलिस ने 27 अगस्त 2026 को हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से दो अन्य वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान साहब सिंह उर्फ साबी (27) निवासी गज्जीपुर, थाना मिलक खानम, रामपुर तथा गुरवंत सिंह उर्फ गोपी (26) निवासी नूरपुर, थाना स्वार, रामपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक साहब सिंह के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, 89,700 रुपये तथा वरना कार बरामद हुई। वहीं गुरवंत सिंह के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 50,300 रुपये बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उसके संबंध में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2,500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया।




