मुख्यमंत्री धामी कल हल्द्वानी में, गौलापार में क्रीड़ा विश्वविद्यालय का करेंगे शिलान्यास, उद्योग जगत से भी संवाद
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार, 29 अगस्त को एक दिवसीय जनपद नैनीताल भ्रमण पर पहुंचेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री गौलापार में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के भूमि-पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के साथ ही हल्द्वानी में व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री धामी पूर्वाह्न 11:50 बजे डीपीएस स्कूल मैदान, रुद्रपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे गौलापार स्टेडियम हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से 12:10 बजे कार द्वारा उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गौलापार के लिए रवाना होंगे और 12:15 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 12:15 बजे से 2 बजे तक क्रीड़ा विश्वविद्यालय के भूमि-पूजन एवं शिलान्यास तथा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। गौलापार में क्रीड़ा विश्वविद्यालय की स्थापना को प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इसके बाद मुख्यमंत्री 2 बजे क्रीड़ा विश्वविद्यालय से आईटीडीसी फॉर्च्यून, हल्द्वानी के लिए रवाना होंगे। यहां दोपहर 2:45 बजे से 3:30 बजे तक व्यापार एवं उद्योग बंधुओं के साथ संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान उद्योग एवं व्यापार जगत से जुड़े लोगों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री आनंद बाग तथा साउथ एन्क्लेव-4, मुखानी में आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। शाम 4:30 बजे साउथ एन्क्लेव से एफटीआई हेलीपैड के लिए रवाना होकर 4:40 बजे हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे।




