कैंचीधाम खाई में गिरा दूध पिकअप वाहन, तीन घायल रेस्क्यू

Spread the love

कैंचीधाम में खाई में गिरा दूध पिकअप वाहन, तीन घायल रेस्क्यू कर निकाले
कैंचीधाम। कैंची मंदिर क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दूध पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 से 150 मीटर नीचे गहरी खाई में नदी के पास जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही कैंचीधाम चौकी पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों के सहयोग से त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे तीन लोगों को गंभीर घायल अवस्था में सकुशल बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब पांच बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने कैंचीधाम पुलिस को सूचना दी कि कैंची मंदिर क्षेत्र में केरल ढाबे के पास सड़क से काफी नीचे नदी के समीप किसी वाहन की लाइट दिखाई दे रही है। वाहन के खाई में गिरने की आशंका पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों के साथ खाई में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान दूध का पिकअप वाहन संख्या UK04 CC 3465 नदी के पास गहरी खाई में गिरा मिला। वाहन में तीन लोग फंसे हुए थे। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
घायलों में वाहन चालक अंकित सिंह (33), पुत्र स्व. सतपाल सिंह, निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी; बॉबी (22), पुत्र ओम प्रकाश, निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी तथा मोहम्मद साकिब (11), पुत्र नफीस अहमद, निवासी हल्द्वानी शामिल हैं।
रेस्क्यू अभियान में कैंचीधाम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कुमार, अपर उपनिरीक्षक विजय कुमार, कांस्टेबल विनोद यादव और कांस्टेबल महेश गोस्वामी शामिल रहे। पुलिस की तत्परता से तीनों घायलों को समय रहते खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।