लालकुआं नगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में फूंका भाजपा सरकार का पुतला
लालकुआं। नगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में खाद्य पदार्थों एवं रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए “भाजपा हटाओ, देश बचाओ” का नारा बुलंद किया और महंगाई पर तत्काल अंकुश लगाने तथा आम उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।
नगर अध्यक्ष भुवन पांडे ने कहा कि भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों को धरातल पर लागू करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। सरकार आम जनता को राहत देने के बजाय महंगाई का बोझ लगातार बढ़ा रही है। खाद्य पदार्थों, दाल, तेल, मसाले, चीनी और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम आदमी के घर का बजट बिगड़ गया है। महंगाई की सबसे अधिक मार गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। कांग्रेस आम जनता के हितों और अधिकारों की आवाज लगातार उठाती रही है। यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज करेंगे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दाम आम आदमी के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। उन्होंने सरकार से खाद्य पदार्थों की कीमतों पर नियंत्रण कर आम उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।
पुतला दहन कार्यक्रम में पीसीसी हरेंद्र बोरा, हेमवती नंदन दुर्गापाल, कुंदन सिंह मेहता, प्रमोद कलोनी, हरिशंकर तिवारी, हेमंत पाण्डे, नरेश चौधरी, सईद सिद्दीकी, अनूप भाटिया, हाजी अय्यूब अली, अमजद खान सहित दर्जनों कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




