लालकुआ नशामुक्त समाज की मांग को लेकर सड़कों पर उतरेंगे संगठन, बिंदुखत्ता से तहसील तक निकलेगी रैली

Spread the love

 

 

बिंदुखत्ता के शहीद स्मारक से शुरू होगा कारवां, तहसील में सार्वजनिक सभा कर मुख्यमंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन

 

लालकुआं। क्षेत्र में नशामुक्त समाज की स्थापना और शराबबंदी की मांग को लेकर विभिन्न सामाजिक एवं जनसंगठन एकजुट होकर सड़कों पर उतरने जा रहे हैं। आगामी 28 नवंबर 2026 को भारत की लोक जिम्मेदार पार्टी, पर्वतीय महासभा, विकलांग विकास जनकल्याण समिति सहित अन्य संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में जनजागरूकता रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से शराब के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताते हुए सरकार से क्षेत्र में शराबबंदी लागू करने की मांग उठाई जाएगी।

 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रैली का शुभारंभ बिंदुखत्ता के कार रोड स्थित शहीद स्मारक से होगा। यहां से विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, दिव्यांगजन और स्थानीय नागरिक रैली के रूप में तहसील पहुंचेंगे। तहसील परिसर में रैली सार्वजनिक सभा में परिवर्तित होगी, जहां शराबबंदी की आवश्यकता, सामाजिक दुष्परिणामों और नशे से प्रभावित परिवारों के मुद्दों को लेकर अपनी बात रखी जाएगी।

 

इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से भेजा जाएगा। ज्ञापन में शराबबंदी की मांग के साथ नशे के दुष्प्रभावों से समाज को बचाने तथा जनहित में आवश्यक कदम उठाने की मांग की जाएगी।

 

कार्यक्रम में भारत की लोक जिम्मेदार पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जीवन चंद्र उप्रेती सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। वहीं विकलांग विकास जनकल्याण समिति के अध्यक्ष संतोष बाबू कश्यप के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में दिव्यांगजन भी रैली में भागीदारी करेंगे। इसके अतिरिक्त पर्वतीय महासभा सहित अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता भी प्रस्तावित है।

 

आयोजकों का कहना है कि शराब का दुष्प्रभाव केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और सामाजिक वातावरण पर पड़ता है। ऐसे में शराबबंदी की मांग को व्यापक जनहित से जोड़ते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि रैली पूरी तरह शांतिपूर्ण होगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाई जाएगी।

 

आयोजकों ने क्षेत्रवासियों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे 28 नवंबर को निर्धारित समय पर शहीद स्मारक, कार रोड, बिंदुखत्ता पहुंचकर इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement