लालकुआं। हल्दूचौड़ चौराहे पर सोमवार को गैस सिलेंडरों से भरे एक कैंटर से अचानक गैस रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। कैंटर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही लालकुआं पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को सूचना मिली कि हल्दूचौड़ चौराहे पर एक सीएनजी गैस कैंटर से चलते-चलते गैस का रिसाव हो रहा है। सूचना पर उपनिरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां सड़क के बीच खड़े कैंटर संख्या UP 25 JT 3733 में रखे गैस सिलेंडरों से काफी मात्रा में गैस रिसाव हो रहा था।
लालकुआं पुलिस टीम ने सावधानीपूर्वक कैंटर में रखे सिलेंडरों के वाल्व बंद किए तथा वाहन को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा करवाया। इसके बाद गैस रिसाव पर नियंत्रण पाकर कैंटर को सुरक्षित रवाना किया गया।
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। कैंटर चालक की पहचान जितेंद्र कुमार पुत्र मान सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनी हुई है।
लालकुआं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टली अनहोनी, लोगों ने ली राहत की सांस।



