पहले बनाया भरोसा, फिर उड़ाया सोना, सीसीटीवी ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

Spread the love

 पहले बनाया भरोसा, फिर उड़ाए सोने के कड़े, सीसीटीवी ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

 

 

हल्द्वानी। घर में काम करने के बहाने विश्वास जीतना और फिर उसी भरोसे का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देना। हल्द्वानी में सामने आई चोरी की इस घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गीजर ठीक करने के बहाने घर में पहुंचा था और मौका पाकर अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर फरार हो गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के दो सोने के कड़े (करीब पांच तोला) और 2 लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

 

मामले के अनुसार गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल ने 25 नवंबर को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 17 नवंबर को आसिफ नाम का व्यक्ति उनके घर गीजर ठीक करने के बहाने आया था। इसी दौरान उसने घर की अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद निवासी लाइन नंबर-18, आजाद नगर, बनभूलपुरा के रूप में की।

 

पुलिस ने 26 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए दो पीली धातु के कड़े, जिनका वजन लगभग पांच तोला बताया गया है, बरामद किए गए। साथ ही 2 लाख 29 हजार रुपये की नकदी भी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार यह रकम चोरी किए गए आभूषणों को बेचकर प्राप्त की गई थी।

 

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। इस कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए दो हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

 

पुलिस टीम में शामिल रहे:उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल सतवीर सिंह।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement