हल्द्वानी-काठगोदाम। शहर के विकास के साथ स्थानीय व्यापारियों के हितों और सुविधाओं को प्राथमिकता देने की दिशा में नगर निगम ने पहल तेज कर दी है। मंगल पड़ाव में प्रस्तावित नगर निगम कॉम्प्लेक्स के निर्माण एवं भविष्य की व्यवस्थाओं को लेकर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने नगर निगम के व्यापारियों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की। बैठक में व्यापारियों के सुझावों, समस्याओं और अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना गया। साथ ही प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स की रूपरेखा और निर्माण के बाद होने वाली व्यवस्थाओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि मंगल पड़ाव में प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स के निर्माण और भविष्य की व्यवस्थाओं को इस तरह तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे व्यापारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापारियों के सुझावों और सहयोग के आधार पर ही बेहतर कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि विकास कार्यों के साथ स्थानीय व्यापारिक गतिविधियां भी सुचारु रूप से संचालित होती रहें।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शहर का विकास करना ही नहीं, बल्कि स्थानीय व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके हितों को सुरक्षित रखना भी है। व्यापारियों और नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी विषयों का सकारात्मक समाधान निकालना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्ययोजना पर काम किया जाएगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स को लेकर निर्णय लेते समय व्यापारियों की सहमति, सुविधाओं और व्यावहारिक जरूरतों को विशेष महत्व दिया जाएगा। बैठक में नगर आयुक्त श्रीमती असीमा गोयल सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं व्यापारीगण उपस्थित रहे।



