नशे के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, पांच महिलाओं समेत 8 गिरफ्तार
22 किलो गांजा, स्मैक और नशीले इंजेक्शन बरामद, नशे के कारोबार से जुड़ी 3.54 लाख रुपये की नकदी ; अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी से मचा हड़कंप
रामनगर। देवभूमि को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पांच महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कई स्थानों पर छापेमारी कर करीब 22 किलो गांजा, स्मैक, नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की हैं। इसके साथ ही 3 लाख 54 हजार 200 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर संचालित ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई में नशे के कारोबार से जुड़े अलग-अलग ठिकानों को निशाने पर लिया गया। एक साथ हुई छापेमारी से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में खलबली मच गई।
पुलिस के अनुसार मोहल्ला गूलरघट्टी निवासी कामेश त्यागी के कब्जे से चार किलो गांजा बरामद हुआ। रेलवे पड़ाव निवासी सागर के पास से चार नशीले इंजेक्शन और सिरिंज मिलीं। नागा बाबा मंदिर रोड निवासी इमरान के कब्जे से नशीले इंजेक्शन की शीशियां और 22 नशीली गोलियां बरामद की गईं।
वहीं ग्राम थारी निवासी पैसों कौर के पास से दो किलो गांजा बरामद हुआ। इसी गांव की सीमा कौर और प्रकाश कौर के कब्जे से 16 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। ग्राम हल्दुआ निवासी मनप्रीत कौर के पास से 12 ग्राम स्मैक और 3 लाख 35 हजार रुपये की नकदी मिली। इसी गांव की राधा के कब्जे से दो ग्राम स्मैक के साथ 19 हजार 200 रुपये बरामद किए गए।
इस प्रकार पुलिस ने कुल 22 किलो गांजा, 14 ग्राम स्मैक, नशीले इंजेक्शन, गोलियां और 3 लाख 54 हजार 200 रुपये की नकदी बरामद की। पुलिस का कहना है कि बरामद नकदी नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई थी।
नशे के कारोबार पर जारी रहेगा प्रहार
कोतवाल सुशील कुमार ने स्पष्ट किया कि रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह रही पुलिस टीम
कार्रवाई में कोतवाल सुशील कुमार, पीरुमदारा चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह बिष्ट, एसआई गणेश जोशी, एसआई सोमेंद्र सिंह, एसआई देवेंद्र सिंह राजपूत, एएसआई प्रेमबल्लभ जोशी, हेड कांस्टेबल गगन भंडारी, कांस्टेबल महबूब आलम, संजय कुमार, विक्रम कुमार, संदीप सिंह, प्रयाग कुमार, विनीत चौहान, कविंद्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



