अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की जेसीबी पर पथराव, शीशा टूटा — हीरानगर वार्ड में कार्रवाई थमी

Spread the love

 

अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की जेसीबी पर पथराव, शीशा टूटा — हीरानगर वार्ड में कार्रवाई थमी

हल्द्वानी। हीरानगर वार्ड संख्या 17 में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगर निगम की जेसीबी मशीन पर पथराव कर दिया गया। यह कार्रवाई राजस्व विभाग की भूमि पर प्रस्तावित शौचालय निर्माण को लेकर की जा रही थी, जिसके लिए राजस्व विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची थी।

जानकारी के अनुसार, जैसे ही अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने विरोध जताते हुए अचानक जेसीबी मशीन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पथराव के दौरान जेसीबी का शीशा टूट गया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। हालात बिगड़ते देख सुरक्षा कारणों से फिलहाल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोक दी गई है।

नगर निगम प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी कहा कि भूमि राजस्व विभाग की है और निर्माण कार्य पूरी तरह नियमों के तहत प्रस्तावित है।

घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *