नौकरी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, पति-बेटी की हत्या की धमकी देकर चार दिन तक चुप रहने को किया मजबूर
ग्वालियर। शहर में मानवता को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक ने 40 वर्षीय विवाहित महिला को अपने घर बुलाया, जहां उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया। वारदात के बाद आरोपी ने महिला को उसके पति और बेटी की हत्या की धमकी दी, जिसके चलते पीड़िता डर के कारण कई दिनों तक खामोश रही।
पीड़िता सब्जी मंडी में डलिया ढोने का काम करती है। उसका पति करीब छह साल पहले सांसारिक जीवन त्यागकर बाबा बन गया था। महिला अपनी नाबालिग बेटी के साथ शहर के गोल पहाड़िया तिघरा रोड स्थित एक मोहल्ले में रहती है।
पुलिस के मुताबिक, सब्जी मंडी में काम के दौरान महिला की पहचान हजीरा थाना क्षेत्र के संजय नगर निवासी राकेश चौहान (पिता—बदलू सिंह चौहान) से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला को बेहतर काम दिलाने का भरोसा दिया और रात करीब 8 बजे संजय नगर पुल के पास मिलने के लिए बुलाया।
महिला ऑटो से बताए गए स्थान पर पहुंची, जहां राकेश पहले से मौजूद था। इसके बाद वह महिला को पैदल अपने घर ले गया। घर पहुंचते ही आरोपी ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और महिला को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने किसी को भी इस बारे में बताया तो वह उसके पति और बेटी की हत्या कर देगा। गंभीर धमकी और डर के चलते महिला करीब चार दिन तक चुप रही। अंततः हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने मंगलवार देर रात हजीरा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

