रुद्रपुर जिला अस्पताल हत्याकांड के आरोपियों के मकानों पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण ध्वस्त ,प्रशासन ने चस्पा किए नोटिस, 15 दिन में अवैध निर्माण हटाने का अल्टीमेटम; समयसीमा पूरी होने पर पूरे भवन गिराने की चेतावनी

Spread the love

 रुद्रपुर जिला अस्पताल हत्याकांड के आरोपियों के मकानों पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण ध्वस्त ,प्रशासन ने चस्पा किए नोटिस, 15 दिन में अवैध निर्माण हटाने का अल्टीमेटम; समयसीमा पूरी होने पर पूरे भवन गिराने की चेतावनी

 

रुद्रपुर। जिला अस्पताल में मोबाइल संचालक 30 वर्षीय राजकुमार उर्फ नितेश जौहरी की हत्या के मामले में प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को प्रशासन की टीम ने आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण के कुछ हिस्से को ध्वस्त किया। इसके साथ ही आरोपियों के मकानों पर नोटिस चस्पा कर अवैध निर्माण स्वयं हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।

 

प्रशासन के मुताबिक, आरोपियों के मकान नजूल भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए हैं। निर्धारित समयसीमा के भीतर अवैध निर्माण नहीं हटाने पर पूरे भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

 

गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर मोबाइल कारोबार में प्रतिस्पर्धा को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान राजकुमार उर्फ नितेश जौहरी पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें होमगार्ड जवान और चिकित्सकों की मौजूदगी में हमलावर राजकुमार के साथ लात-घूंसों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

 

मामले में पुलिस ने घटना के 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विकास कुमार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलभट्टा क्षेत्र में मुख्य आरोपी की पुलिस के साथ मुठभेड़ भी हुई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सब इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी थी।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement