नए साल में उत्तराखंड परिवहन निगम को बड़ी सौगात,

Spread the love

नए साल में उत्तराखंड परिवहन निगम को बड़ी सौगात
बेड़े में शामिल हुईं 100 नई बसें, 10 एसी और 2 स्लीपर बसें भी जनता को समर्पित
देहरादून। नववर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) को बड़ी सौगात देते हुए निगम के बेड़े में 100 नई बसों को शामिल किया। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर 10 एसी और 2 स्लीपर अनुबंधित बसों को भी जनता को समर्पित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम की स्मारिका “अनवरत” तथा सड़क सुरक्षा पर आधारित कैलेंडर का विमोचन किया। साथ ही कठिन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से सेवा देने वाले कर्मठ कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित ये नई बसें राज्य के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को और अधिक सशक्त बनाएंगी। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा सुविधा मिलेगी, वहीं राज्य की आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में मजबूत परिवहन व्यवस्था न केवल नागरिक सुविधा बल्कि आर्थिक विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। सरकार परिवहन निगम को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक प्रदेश में 13 से अधिक नए बस अड्डों और कार्यशालाओं का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 14 अन्य स्थानों पर कार्य प्रगति पर है, जिनमें 4 आईएसबीटी शामिल हैं। निकट भविष्य में निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि निगम की बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, ई-टिकटिंग, फ्लीट मॉनिटरिंग और समयबद्ध मेंटेनेंस जैसी आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा भी मजबूत होगी। साथ ही डीए वृद्धि, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के क्रियान्वयन और नई भर्तियों के माध्यम से मैनपावर की कमी को दूर करने के प्रयास किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *