उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, ऊंची चोटियों पर जमकर हिमपात, मसूरी में गिरे ओले, बढ़ी ठंड
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। रविवार को प्रदेश के 11 जिलों में बारिश होने से पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड का असर बढ़ गया है। वहीं, केदारनाथ में देर रात तक बर्फबारी जारी रही। इससे पहले बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की ऊंची चोटियों पर भी हिमपात हुआ। पिथौरागढ़ जिले में गुंजी से आदि कैलाश और ओम पर्वत तक जमकर बर्फबारी हुई, जबकि मुनस्यारी की ऊंची चोटियां भी बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं।
रविवार को प्रदेश के बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, देहरादून और चमोली जिलों में बारिश दर्ज की गई। वहीं, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में बादल छाए रहे। देर शाम देहरादून में हल्की बारिश हुई, जबकि मसूरी में ओलावृष्टि ने ठंड का असर और बढ़ा दिया।
मौसम में आए इस बदलाव के बाद अब पहाड़ी क्षेत्रों के साथ मैदानी इलाकों में भी तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है। मौसम के बदले मिजाज से लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है।
हालांकि, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पहाड़ी जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है। इसके साथ ही 21 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है।



