बंदरों का आतंक- छत से गिरकर युवक गंभीर घायल
तहसील रोड क्षेत्र में बंदरों की बढ़ती संख्या अब लोगों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में एक युवक अपने घर की छत से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार बागेश्वर मजियाखेत निवासी आनंद सिंह (30) पुत्र दान सिंह शनिवार देर शाम अपने मकान की छत पर खड़े थे। इसी दौरान अचानक एक बंदर छत पर आ धमका और युवक की ओर झपट पड़ा। बंदर को अपनी ओर आता देख आनंद घबरा गए और खुद को बचाने के लिए पीछे की ओर भागे। हड़बड़ाहट में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे छत से नीचे जा गिरे।
गिरने की आवाज सुनकर परिजन तुरंत बाहर आए और आनंद को लहूलुहान अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉ. साक्षी ने उनका प्राथमिक उपचार कर भर्ती कर लिया है। युवक के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने बंदरों की बढ़ती संख्या पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से शीघ्र ठोस कार्रवाई की मांग की है।

