ब्रेकिंग न्यूज – सड़क किनारे खड़ी पिकअप से दो शव बरामद, इलाके में दहशत
क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप वाहन से दो अज्ञात व्यक्तियों के शव बरामद किए गए। पिकअप वाहन उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद से पंजीकृत बताया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने वाहन में संदिग्ध हालत में पड़े दोनों लोगों को देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। एसएसपी देवेन्द्र पींचा ने बताया कि भिकियासैंण से करीब 5 किलोमीटर दूर जैनल क्षेत्र में पिकअप (UP20 CT 0048) एक दिन पहले रात करीब 3 बजे से खड़ी थी। सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे ग्रामीणों ने जब वाहन के केबिन में झांककर देखा तो दो युवक बेहोशी की हालत में पड़े मिले।
पुलिस टीम ने दोनों को 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान पिकअप के अंदर दो कट्टों में गेहूं भी मिला है।
जेब से मिले 52 हजार रुपये, पहचान नहीं
एसएसपी देवेन्द्र पींचा के अनुसार तलाशी के दौरान दोनों मृतकों की जेब से करीब 52 हजार रुपये बरामद हुए हैं, लेकिन उनके पास से कोई भी पहचान पत्र नहीं मिला। दोनों मृतकों की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों और पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के किसी लोकेश नामक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है।
इलाके में चर्चाओं का माहौल
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

