हल्द्वानी/लालकुआं। अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ नैनीताल पुलिस का ऑपरेशन प्रहार लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग करते हुए कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबंश सिंह, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में पुलिस ने 4 अक्टूबर को हल्द्वानी और लालकुआं क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।
घास मंडी मंगलपड़ाव से अंग्रेजी शराब बरामद
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में चौकी प्रभारी मंगलपड़ाव उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की, हेड कांस्टेबल सुंदर कोहली, कांस्टेबल संतोष सिंह बिष्ट एवं कांस्टेबल भूपाल सिंह की टीम ने घास मंडी मंगलपड़ाव से रजत रावत पुत्र हरि सिंह रावत, निवासी अंबा विहार, बरेली रोड, हल्द्वानी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से अंग्रेजी शराब के 100 क्वार्टर और चार हाफ बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
देर रात अवैध रूप से शराब बेचते आरोपी पकड़ा
दूसरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी भोटियापड़ाव उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज एवं कांस्टेबल मुकेश सिंह ने वर्कशॉप लाइन बरसाती नहर के पास गगन सिंह उर्फ अंडा पुत्र स्व. परमजीत सिंह, निवासी नैनीताल रोड, उम्र 32 वर्ष को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 48 पव्वे देसी मसालेदार शराब माल्टा और आठ क्वार्टर अंग्रेजी शराब इंपिरियल ब्लू बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी देर रात शराब की दुकानें बंद होने के बाद ओला स्कूटी की डिग्गी में शराब रखकर बरसाती नहर क्षेत्र में अवैध रूप से बिक्री कर रहा था। उसके खिलाफ धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया। शराब के परिवहन में प्रयुक्त ओला स्कूटी को धारा 72 आबकारी अधिनियम के तहत पुलिस ने कब्जे में लिया।
बिंदुखत्ता में 110 पाउच कच्ची शराब बरामद
लालकुआं क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने चेकिंग एवं गश्त के दौरान इमलीघाट बिंदुखत्ता से सूरज सिंह पुत्र जीत सिंह, निवासी धौराडाम, नाजिमाबाद, थाना किच्छा, जिला ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से सफेद प्लास्टिक के कट्टे में रखे 110 पाउच कच्ची शराब बरामद किए। कार्रवाई में चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता उपनिरीक्षक गौरव जोशी, कांस्टेबल प्रहलाद सिंह एवं कांस्टेबल वीरेंद्र रौतेला शामिल रहे। आरोपी के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 154/26, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
