जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के नवाचारों में 5000 निर्विवाद विरासत मामलों के त्वरित निस्तारण में बड़ी उपलब्धि – प्रशासनिक सुधार का उत्कृष्ट उदाहरण बजी तालियाँ
जनपद नैनीताल में राजस्व एवं नागरिक सेवाओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा किए गए अभिनव प्रयासों को उत्तराखंड शासन ने खुले मंच से सराहा है। शासन स्तर पर इन नवाचारों को प्रशासनिक सुधार का उत्कृष्ट उदाहरण बताया गया।
जिलाधिकारी श्री रयाल की पहल से आम जनता को बड़ी राहत मिली है और प्रशासन के प्रति जनविश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
निर्विवाद विरासत मामलों के त्वरित निस्तारण में बड़ी उपलब्धि
निर्विवाद विरासत मामलों के शीघ्र समाधान की दिशा में जनपद नैनीताल ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। बीते तीन महीनों में राजस्व कर्मियों द्वारा ग्राम स्तर पर चौपालों का आयोजन कर लगभग 5000 निर्विवाद विरासत मामलों का सफल एवं त्वरित निस्तारण किया गया।
इस उपलब्धि पर मुख्य सचिव आनंद वर्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, मीनाक्षी सुंदरम सहित राज्य सरकार के समस्त सचिवगणों ने तालियां बजाकर जनपद नैनीताल के प्रयासों का अभिनंदन किया।
राजस्व विवादों के समाधान में भी सराहनीय कार्य
इसके अतिरिक्त, मेड़ विवाद, सीमा विवाद, खेत संख्या में नाम/नंबर दुरुस्ती, पैमाइश, नपती, सीमांकन तथा गूल और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने से जुड़े कुल 1150 मामलों के सफल निस्तारण पर परगना स्तरीय राजस्व प्रवर्तन टीमों, नैनीताल के कार्यों की विशेष प्रशंसा की गई।
वहीं, जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से संबंधित 2300 मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किए जाने पर संबंधित पंजीकरण अधिकारियों को भी सराहना प्राप्त हुई।
जनपद प्रशासन के इन ठोस और परिणामोन्मुख प्रयासों से न केवल राजस्व एवं नागरिक सेवाओं में पारदर्शिता और गति आई है, बल्कि आम नागरिकों को समयबद्ध न्याय और राहत भी सुनिश्चित हुई है। शासन स्तर पर इन उपलब्धियों को प्रशासनिक नवाचार का उत्कृष्ट मॉडल माना जा रहा है।
इस संबंध में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा की गई कार्यवाही एवं अभिनव पहलों की विस्तृत जानकारी मुख्य सचिव को भी अवगत कराई गई।

