लालकुआं। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लालकुआं नगर को विकास और सौंदर्यीकरण की बड़ी सौगात मिली। नगर पंचायत की ओर से नगर के दोनों मुख्य प्रवेश मार्गों पर नवनिर्मित आकर्षक स्वागत द्वारों का विधिवत लोकार्पण किया गया। सांसद अजय भट्ट एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने संयुक्त रूप से दोनों स्वागत द्वार जनता को समर्पित किए। इस दौरान सांसद अजय भट्ट ने स्विच ऑन कर नगर में स्थापित तिरंगा लाइटों का भी शुभारंभ किया।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या और पर्व के अवसर पर तिरंगे की रोशनी से जगमगाए लालकुआं का नजारा आकर्षण का केंद्र रहा। नगर के प्रवेश मार्गों पर रोशनी और नए स्वागत द्वारों ने नगर की सुंदरता को नया स्वरूप दिया। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता, विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
स्वागत द्वारों से बदलेगी लालकुआं की तस्वीर : अजय भट्ट
सांसद अजय भट्ट ने नगरवासियों सहित देश एवं प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को आजादी दिलाने में स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आजादी का पर्व प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में अपने दायित्व निभाने की प्रेरणा देता है। लालकुआं के दोनों प्रवेश द्वार नगर की पहचान को और मजबूत करने के साथ ही यहां आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगे। तिरंगा लाइटों से नगर को सजाने का प्रयास भी स्वतंत्रता दिवस की भावना को और जीवंत कर रहा है।
लालकुआं की पहचान में जुड़ा नया अध्याय – दीपेंद्र सिंह कोश्यारी
भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने कहा कि लालकुआं में प्रवेश करते ही दोनों ओर दिखाई देने वाले स्वागत द्वार नगर की सुंदरता और पहचान में नया अध्याय जोड़ेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी केवल जश्न मनाने का पर्व नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। नगर पंचायत द्वारा लालकुआं को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
लंबे प्रयास के बाद पूरा हुआ सपना – सुरेंद्र सिंह लोटनी
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों तथा नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लालकुआं के दोनों मुख्य प्रवेश मार्गों पर भव्य स्वागत द्वार स्थापित करना लंबे समय से उनका प्रयास रहा है, जो अब साकार हुआ है।
उन्होंने कहा कि ये स्वागत द्वार लालकुआं आने वाले लोगों का स्वागत करने के साथ नगर की अलग पहचान भी बनाएंगे। अन्य शहरों की तर्ज पर लालकुआं को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा रोशनी से सजाने का संकल्प भी पूरा किया गया है।
अध्यक्ष ने कहा कि नगर पंचायत का लक्ष्य लालकुआं को सुंदर, स्वच्छ एवं आकर्षक नगर के रूप में विकसित करना है। भविष्य में भी जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। दोनों स्वागत द्वारों के लोकार्पण और तिरंगा लाइटों के शुभारंभ से स्वतंत्रता दिवस पर लालकुआं में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।




