सुखवन्त सिंह आत्महत्या मामला – SIT की जांच तेज, SSP उधमसिंहनगर समेत 5 पुलिस अधिकारियों को नोटिस
देहरादून। सुखवन्त सिंह आत्महत्या प्रकरण में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने जांच की गति तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और मृतक के परिजनों द्वारा दिए गए बयानों के आधार पर SIT ने एसएसपी उधमसिंहनगर, तीन उपनिरीक्षक और एक अपर उपनिरीक्षक को पूछताछ एवं बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किए हैं।
मामले में सामने आए भूमि धोखाधड़ी के आरोपों की गहन जांच के लिए SIT ने रजिस्ट्रार कार्यालय, तहसील कार्यालय से संबंधित अभिलेख तलब किए हैं। साथ ही, बैंकिंग लेन-देन की जांच के लिए विभिन्न बैंकों को भी नोटिस भेजे गए हैं। प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर वित्तीय ट्रांजेक्शन और कागजातों की सत्यता की पड़ताल की जाएगी।
SIT सदस्य एवं पुलिस अधीक्षक चंपावत अजय गणपति ने बताया कि घटनाक्रम से जुड़े सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों को कब्जे में लेकर उनका सूक्ष्म परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि SIT की विशेषज्ञ टीम टेक्निकल सर्विलांस के जरिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड, CCTV फुटेज, डिजिटल साक्ष्य और अन्य तकनीकी इनपुट्स का निरंतर विश्लेषण कर रही है।
जांच एजेंसी का कहना है कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

