नैनीताल। बीडी पांडे जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। पेट दर्द की शिकायत पर उपचार के लिए पहुंचे मरीज को चिकित्सकों ने अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी थी। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने और बेड आवंटित किए जाने के कुछ समय बाद ही मरीज के गायब होने से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, मल्लीताल निवासी हैदर पेट दर्द की शिकायत लेकर बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचे थे। चिकित्सकों ने उनकी जांच करने के बाद भर्ती होने की सलाह दी। इसके बाद अस्पताल कर्मचारियों ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें वार्ड में बेड आवंटित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मरीज के भर्ती होने के कुछ देर बाद जब नर्सिंग स्टाफ दवाइयां देने के लिए वार्ड में पहुंचा तो बेड खाली मिला। मरीज के अचानक गायब होने पर कर्मचारियों ने पहले वार्ड और फिर अस्पताल परिसर में उनकी तलाश की, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल पाया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने बताया कि मरीज बिना किसी सूचना के अस्पताल से चला गया है। इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को भेज दी गई है।
फिलहाल मरीज के अस्पताल छोड़कर जाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अस्पताल में भर्ती होने के बाद अचानक गायब हुए मरीज को लेकर अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है ।



