पेटीएम खाते से 2.44 लाख की निकासी,  सस्ते आईफोन  के नाम पर 71 हजार की ठगी – दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

Spread the love

पेटीएम खाते से 2.44 लाख की निकासी,  सस्ते आईफोन  के नाम पर 71 हजार की ठगी
दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
देहरादून।
साइबर ठगी के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। जिले में सामने आए दो अलग-अलग मामलों में अज्ञात ठगों ने युवकों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पेटीएम खाते से उड़े 2.44 लाख
रायपुर थानाक्षेत्र निवासी एक युवक के पेटीएम खाते से अज्ञात व्यक्ति द्वारा 2.44 लाख रुपये निकाल लिए गए। थानाध्यक्ष गिरीश नेगी के अनुसार घटना 16 जनवरी की है।
पीड़ित ने तहरीर में बताया कि उसने न तो किसी को अपने खाते से जुड़ी जानकारी दी और न ही किसी के साथ पेटीएम से लेन-देन किया। इसके बावजूद खाते से बड़ी रकम निकल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सस्ते आईफोन का झांसा देकर 71 हजार की ठगी
वहीं, कैंट थानाक्षेत्र में एक युवक से सस्ती दरों पर मोबाइल फोन दिलाने का झांसा देकर 71 हजार रुपये ठग लिए गए।
थानाध्यक्ष केके लूंठी ने बताया कि यह घटना 10 जनवरी की है। पीड़ित के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे के मोबाइल पर एक संदेश आया था, जिसमें एपल कंपनी का फोन मात्र सात हजार रुपये में देने का दावा किया गया था।
ठग ने अलग-अलग औपचारिकताओं का हवाला देकर किश्तों में रकम मंगवाई और बाद में संपर्क बंद कर दिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।