बहुचर्चित GMFX Global Limited घोटाला – ₹8.10 लाख की धोखाधड़ी, नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता 25–30 महीनों में निवेश दोगुना करने का झांसा देने वाला कंपनी मालिक बिमल रावत गिरफ्तार

Spread the love

बहुचर्चित GMFX Global Limited घोटाला – ₹8.10 लाख की धोखाधड़ी, नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता
25–30 महीनों में निवेश दोगुना करने का झांसा देने वाला कंपनी मालिक बिमल रावत गिरफ्तार
हल्द्वानी।
बहुचर्चित GMFX Global Limited निवेश घोटाला मामले में नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली हल्द्वानी  पुलिस ने कंपनी के मालिक बिमल रावत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर निवेशकों को 25 से 30 महीनों में रकम दोगुनी करने का लालच देकर ₹8.10 लाख की धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप है।
मामले में दिनांक 18 जनवरी 2026 को वादी श्री पार्थ परासर पुत्र पी.पी. बुधलाकोटी, निवासी कपिल कॉलोनी, बड़ी मुखानी, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल द्वारा कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी गई। तहरीर के अनुसार GMFX Global Limited के मालिक बिमल रावत पुत्र भोला सिंह रावत (उम्र 38 वर्ष) एवं उनकी पत्नी रुबी रावत ने एक सुनियोजित योजना के तहत निवेशकों को मार्केट ट्रेडिंग में धन लगाने पर अधिक लाभ देने का आश्वासन दिया।
आरोप है कि नवंबर व दिसंबर 2024 में वादी से 05–05 लाख रुपये की दो किश्तों में कुल 10 लाख रुपये निवेश कराए गए। कंपनी की ओर से प्रतिमाह 8 प्रतिशत ब्याज देने की बात कही गई थी। कुछ समय बाद आरोपी ने वादी को मात्र ₹1,90,000 मूलधन एवं इतनी ही राशि ब्याज के रूप में उनकी पत्नी के खाते में वापस की, जबकि शेष ₹8,10,000 रुपये वापस नहीं किए गए और धोखाधड़ी की गई।
प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 20/26, धारा 316(5), 318, 3(5) बीएनएस तथा उत्तराखंड जमाकर्ता के हितों का संरक्षण (वित्तीय प्रतिष्ठानों में) अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विवेचना व0उ0नि0 श्री भूपेन्द्र मेहता को सौंपी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने एसपी हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके क्रम में 19 जनवरी 2026 को अभियुक्त को तलब कर पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार किया गया और माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर 14 दिवस की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार विवेचना के आधार पर अन्य संभावित अभियुक्तों और पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा आगे की कार्रवाई प्रचलित है।
गिरफ्तार अभियुक्त
बिमल रावत पुत्र भोला सिंह रावत,
उम्र – 38 वर्ष
निवासी – गोकुल धाम सोसाइटी, ईको टाउन के पास, थाना मुखानी, नैनीताल
मूल निवासी – ग्राम रघुली, थाना पौड़ी, जिला पौड़ी गढ़वाल
इस संबंध में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने आमजन से अपील की है कि शॉर्टकट कमाई के लालच में अपनी मेहनत की जमा पूंजी किसी के हवाले न करें। किसी भी निवेश से पहले उसकी वैधानिकता और विश्वसनीयता की पूरी जांच अवश्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *