पर्यावरण मित्रों ने दिया समर्थन, सांकेतिक धरने पर बैठे, कार्य बहिष्कार से शहर की सफाई व्यवस्था पर मंडराया संकट,

Spread the love

 

 

पर्यावरण मित्रों ने दिया समर्थन, सांकेतिक धरने पर बैठे, कार्य बहिष्कार से शहर की सफाई व्यवस्था पर मंडराया संकट

 

लालकुआं। नगर पंचायत लालकुआं के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के बीच शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। एक ओर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभारी निरीक्षक को हटाने की मांग पर अड़े हुए हैं, वहीं दूसरी ओर लालकुआं कोतवाली पुलिस ने अध्यक्ष के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज कर दिए हैं। इस घटनाक्रम के बाद नगर क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।

 

गुरुवार को नगर पंचायत परिसर में अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के नेतृत्व में पर्यावरण मित्रों ने एकजुट होकर उन्हें समर्थन दिया और सांकेतिक धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे अध्यक्ष और पर्यावरण मित्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को पद से नहीं हटाया जाता, तब तक नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था सहित नगर पंचायत के समस्त कार्यों और जनमानस से जुड़े कार्यों का बहिष्कार जारी रहेगा।

 

दो अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज

 

इधर, लालकुआं कोतवाली पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के खिलाफ दो अलग-अलग शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज किए हैं।

 

पहले मामले में बिलासपुर, रामपुर निवासी इंद्रजीत सिंह पुत्र बलदेव सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि बुधवार को वह ट्रैक्टर-ट्रॉली में पराली (पुआल) भरकर जंगल की ओर जा रहा था। इसी दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने रास्ते में उसका ट्रैक्टर रोक लिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। शिकायतकर्ता ने कथित रूप से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 126(2), 308(4) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

 

पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा का आरोप

 

दूसरे मामले में पुलिस की ओर से दर्ज मुकदमे के अनुसार बुधवार सुबह थाना गेट के समीप वार्ड संख्या तीन और चार में पुआल से भरे ट्रैक्टर को आगे बढ़ने से रोकने तथा यातायात बाधित होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने नगर पंचायत अध्यक्ष को वाहन हटाकर रास्ता सुचारु करने के लिए समझाया, लेकिन पुलिस के अनुसार इस दौरान अध्यक्ष ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इस मामले में पुलिस ने सुरेंद्र सिंह लोटनी और अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 221 और 352 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।

 

पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में प्राप्त शिकायतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

 

सफाई व्यवस्था ठप होने से बढ़ सकती हैं नागरिकों की मुश्किलें

 

वहीं, अध्यक्ष और पर्यावरण मित्रों के कार्य बहिष्कार के ऐलान से नगर की सफाई व्यवस्था पर संकट गहराने लगा है। यदि यह विवाद जल्द नहीं सुलझा तो शहर की सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े के ढेर लगने की आशंका है। गंदगी का अंबार मच्छरों के प्रकोप और संक्रामक बीमारियों को भी न्योता दे सकता है। ऐसे में आम नागरिकों की परेशानी बढ़ना तय माना जा रहा है।

 

फिलहाल एक तरफ अध्यक्ष प्रभारी निरीक्षक को हटाने की मांग पर अड़े हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन और पुलिस के उच्चाधिकारियों पर टिकी हैं कि इस विवाद का समाधान कैसे निकलेगा और लालकुआं की ठप होती व्यवस्थाएं कब तक पटरी पर लौटेंगी।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement