तेंदुए का खौफ – विश्वनाथ क्षेत्र में शिकार दबाए तेंदुआ दिखा, दहशत में ग्रामीण
अल्मोड़ा नगर से सटे विश्वनाथ क्षेत्र में तेंदुए के जबड़े में शिकार दबाए घूमने का वीडियो सामने आने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। यह घटना बुधवार रात की बताई जा रही है, जिसे एक राहगीर ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया। गुरुवार सुबह से वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद विश्वनाथ, बख, बजवाड़, खेरदा, मुना और चौनुली सहित आसपास के क्षेत्रों में तेंदुओं की सक्रियता को लेकर लोगों में भय व्याप्त है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि कई अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने से भी कतरा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उन्हें लगभग हर रात तेंदुओं की गुर्राहट सुनाई देती है। शाम ढलते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं और खुले में निकलने से बच रहे हैं।
मामले की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में गश्त शुरू कर दी है। वन क्षेत्राधिकारी मोहन राम आर्या ने बताया कि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीम को मौके पर भेजा गया है और लोगों को सतर्क किया जा रहा है।
पिंजरों और ट्रैप कैमरों की जांच तेज
वन विभाग की टीम ने झिझाड़, तल्ला किरड़ा, पतनियानैल, भैसोड़ी समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त कर ग्रामीणों को मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही रानीधारा, मल्ला जोशी खोला, भैसोड़ी और मटेला गांव में लगाए गए पिंजरों और ट्रैप कैमरों की भी जांच की गई।
वन क्षेत्राधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे वन विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना विभाग को दें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

