नकली पनीर की अवैध सप्लाई का भंडाफोड़ – पनीर का काला कारोबार बेनकाब, 250 किलो पनीर जब्त – मचा हड़कम्प
देहरादून।
जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले नकली पनीर के कारोबार पर प्रशासन ने करारा वार किया है। 02 फरवरी 2026 को थाना सेलाकुई से मिली पुख्ता सूचना के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली एवं मानकविहीन पनीर की अवैध सप्लाई का भंडाफोड़ किया।
एसएसआई जितेंद्र कुमार की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम ने एक सुजुकी ब्रिजा वाहन को रोका, जिसमें भारी मात्रा में पनीर लदा हुआ था। मौके पर पहुंचते ही अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई का नेतृत्व सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना ने किया। उनके साथ वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी (विकासनगर) एवं रमेश सिंह (नगर निगम देहरादून) मौजूद रहे।
जांच में सामने आया कि पनीर को
बिना वैध खाद्य लाइसेंस,
अस्वच्छ परिस्थितियों में,
और खाद्य सुरक्षा मानकों की खुली अवहेलना करते हुए सप्लाई किया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में पनीर नकली, दुर्गंधयुक्त एवं मानव उपभोग के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त पाया गया। अधिकारियों द्वारा पनीर व दही के नमूने जांच के लिए सील किए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर ही सख्त निर्णय लेते हुए करीब 250 किलोग्राम नकली पनीर को जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया, ताकि यह किसी भी हाल में आम जनता की थाली तक न पहुंच सके।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड के आयुक्त सचिन कुर्वे एवं अपर आयुक्त के स्पष्ट निर्देशों के तहत जनपद देहरादून में मिलावट और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि
नकली खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

