स्कूटी सवार दो हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम – ताबड़तोड़ फायरिंग में गैस एजेंसी  कारोबारी की हत्या ,घटनास्थल पर पुलिस की घेराबंदी, फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में

Spread the love

स्कूटी सवार दो हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम – ताबड़तोड़ फायरिंग में गैस एजेंसी  कारोबारी की हत्या ,घटनास्थल पर पुलिस की घेराबंदी, फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में

देहरादून। राजधानी के व्यस्त तिब्बती मार्केट क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने शहर को झकझोर कर रख दिया। स्कूटी सवार अज्ञात हमलावरों ने एक कारोबारी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को पुलिस ने तत्काल दून अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार) के रूप में हुई है। वह जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे और शहर के व्यवसायिक वर्ग में एक सक्रिय कारोबारी के रूप में जाने जाते थे।

स्कूटी सवार दो हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक स्कूटी पर सवार होकर आए और अचानक अर्जुन शर्मा पर फायरिंग कर दी। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटनास्थल पर पुलिस की घेराबंदी, फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र को घेर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है।

व्यवसायिक लेनदेन और पारिवारिक विवाद की भी जांच

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का पारिवारिक व्यवसाय और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि संभावित खतरे को देखते हुए उनकी माता ने पूर्व में उच्च न्यायालय से सुरक्षा की मांग की थी। इस एंगल को भी पुलिस गंभीरता से जांच के दायरे में लेकर चल रही है।

इलाके में दहशत, सघन चेकिंग अभियान शुरू

घटना के बाद तिब्बती मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना देखी जा रही है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है—चाहे वह आपसी रंजिश हो, व्यवसायिक विवाद या अन्य व्यक्तिगत कारण। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *