देहरादून दौरे पर जेपी नड्डा — 2027 चुनावी रणनीति को लेकर भाजपा कोर कमेटी की अहम बैठक आज
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शनिवार को एक दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनके आगमन के साथ ही प्रदेश की राजनीतिक हलचल तेज हो गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
एयरपोर्ट से राज्य अतिथि गृह पहुंचने के बाद नड्डा स्वामी राम हिमालयन यूनिवर्सिटी के 8वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इसके बाद दोपहर करीब 1:10 बजे जौलीग्रांट स्थित होटल पद्मिनी पैलेस में भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता स्वयं नड्डा करेंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, संगठन महामंत्री, प्रदेश पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। हाल ही में हुए संगठनात्मक फेरबदल के बाद यह पहली बड़ी रणनीतिक बैठक मानी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की रूपरेखा, बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की योजना, सरकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, तथा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद मजबूत करने पर चर्चा होगी। इसके अलावा विधानसभा-वार राजनीतिक स्थिति की समीक्षा, कमजोर बूथों की पहचान, सोशल मीडिया रणनीति और माइक्रो-मैनेजमेंट पर भी फोकस किया जा सकता है।

