बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की मांग, 27 अक्टूबर से गैरसैंण में शुरू हो भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया
भाकपा माले ने धामी सरकार को दी चेतावनी, विधानसभा चुनाव से पहले प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो भाजपा को मिलेगा करारा जवाब
लालकुआं। भाकपा (माले) बिंदुखत्ता कमेटी की बैठक दीपक बोस भवन में आयोजित हुई। जिला सचिव डॉ. कैलाश पाण्डेय ने भाजपा सरकार पर पिछले दस वर्षों से राजस्व गांव के नाम पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वनाधिकार कानून के बजाय निर्वनीकरण और भूमि हस्तांतरण से ही राजस्व गांव का रास्ता प्रशस्त होगा। उन्होंने वनाधिकार संगठन पर जनता में भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
कमेटी के पुष्कर दुबड़िया ने कहा कि 27 अक्टूबर से गैरसैंण में शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में सरकार बिंदुखत्ता सहित वनभूमि पर बसे लोगों को मालिकाना हक देने का प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजे और भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू करे। उन्होंने चेतावनी दी कि विधानसभा चुनाव से पहले प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो जनता आगामी चुनाव में भाजपा को करारा जवाब देगी।
बैठक में आनंद सिंह सिजवाली, भुवन जोशी, किशन सिंह बघरी, कमल जोशी, धीरज कुमार, निर्मला शाही, हरीश भंडारी, त्रिलोक राम और पनी राम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



