बिजली कटौती का अलर्ट बंद, हल्द्वानी के उपभोक्ता परेशान — लालकुआं भी संकट से अछूता नहीं

Spread the love

बिजली कटौती का अलर्ट बंद, हल्द्वानी के उपभोक्ता परेशान — लालकुआं भी संकट से अछूता नहीं

हल्द्वानी। शहर में बिजली कटौती से पहले मिलने वाली एसएमएस अलर्ट सुविधा बंद होने से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बिना पूर्व सूचना के हो रहे शटडाउन से लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है, वहीं लंबे समय तक बिजली गुल रहने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है। यही हाल लालकुआं क्षेत्र का भी है, जहां उपभोक्ता इसी समस्या से जूझ रहे हैं।
शुक्रवार को टीपीनगर क्षेत्र के जज फार्म फीडर में सुबह से शाम तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे करीब 10 हजार लोग प्रभावित हुए। जल संस्थान सुबह और शाम की पाली में पानी की सप्लाई करता है, लेकिन बिजली न होने से जलापूर्ति भी बाधित हो गई। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों पर पड़ा। कई परिवारों के पास पानी स्टोर करने की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं है।
स्थानीय निवासी कैलाश मठपाल का कहना है कि पहले शटडाउन से कुछ घंटे पहले एसएमएस सूचना मिल जाती थी, जिससे काम की योजना बनाना आसान होता था, लेकिन करीब एक साल से यह सुविधा बंद है। हीरानगर निवासी भास्कर मेहता ने बताया कि बिल के मैसेज तो मिलते हैं, पर बिजली कटौती की सूचना नहीं आती, जिससे सुबह के व्यस्त समय में ज्यादा परेशानी होती है। जज फार्म निवासी विशंभर कांडपाल ने भी कहा कि लंबे समय से शटडाउन शेड्यूल की जानकारी नहीं मिल रही, जबकि बिल लगातार भेजे जा रहे हैं। पीलीकोठी निवासी हरीश कनवाल ने बताया कि घंटों बिजली गुल रहती है और यह तक पता नहीं चलता कि कब आएगी।
इस मामले में ईई ग्रामीण डिविजन एसके गुप्ता ने बताया कि उपभोक्ताओं को एसएमएस मुख्यालय के सर्वर से भेजे जाते हैं। यदि सूचना नहीं पहुंच रही है तो इसे दिखाया जाएगा। वहीं ईई टाउन डिविजन प्रदीप कुमार ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के फोन नंबर निगम में पंजीकृत हैं, उन्हें बिल और अन्य सूचनाएं भेजी जाती हैं। यदि किसी को दिक्कत है तो वह कार्यालय में नंबर अपडेट करा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *