गौला बाईपास से दबोचे गये शातिर बैटरी चोर — 4 गिरफ्तार, 6 बैटरियां बरामद – तीन का आपराधिक रिकॉर्ड 

Spread the love

गौला बाईपास से दबोचे गये शातिर बैटरी चोर — 4 गिरफ्तार, 6 बैटरियां बरामद – तीन का आपराधिक रिकॉर्ड

 

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में ट्रकों से बैटरी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त कार और विभिन्न कंपनियों की छह ट्रक बैटरियां बरामद की गई हैं। मामले का खुलासा एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने किया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब 12 फरवरी 2026 को आजाद नगर निवासी जुहैब आलम ने थाना बनभूलपुरा में तहरीर देकर बताया कि 7 फरवरी को उनका डंपर इन्द्रानगर गेट के पास खड़ा था, जहां से अज्ञात चोर बैटरी चोरी कर ले गए। जांच में यह भी सामने आया कि आसपास खड़े अन्य वाहनों से भी बैटरियां चोरी हुई हैं। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक मनोज यादव को सौंपी।
एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में टीम गठित कर सुरागरसी-पतारसी और 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसके बाद 14 फरवरी को गौला बाईपास रोड से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में विनोद कुमार (25), रंजीत सिंह (24), रंजीत सिंह (26) निवासी ग्राम पिण्डारी अशोक थाना बहेड़ी जिला बरेली तथा जलील अहमद (40) निवासी अब्बास नगर बहेड़ी शामिल हैं। जलील अहमद कबाड़ी का काम करता है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गौला नदी के पास खड़े ट्रकों से कई बार बैटरियां चोरी कर चुके हैं और चोरी की बैटरियां कबाड़ी जलील अहमद को बेच देते थे। कुछ बैटरियां आसपास छिपाकर रखी जाती थीं और मौका मिलने पर उठा ली जाती थीं। जलील अहमद चोरी की बैटरियां तोड़कर आगे बेच देता था।
पुलिस के अनुसार तीन आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2023 से थाना बहेड़ी में चोरी व संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि कबाड़ी जलील अहमद का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में व.उ.नि. गगनदीप सिंह, उ.नि. मनोज यादव, कांस्टेबल महबूब अली, सुनील कुमार और मो. यासीन शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *