लालकुआं जुलूस को लेकर प्रशासन सतर्क, राजस्व ग्राम की मांग को लेकर संघर्ष समिति से बैठक में तय हुई रूपरेखा

Spread the love

18 फरवरी के जुलूस को लेकर प्रशासन सतर्क, संघर्ष समिति से बैठक में तय हुई रूपरेखा
लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा 18 फरवरी को लालकुआं तक प्रस्तावित जुलूस, प्रदर्शन और जनसभा की तैयारियां ग्रामीणों की ओर से जोर-शोर से की जा रही हैं। इसी के मद्देनज़र जिला पुलिस प्रशासन ने आंदोलन के संभावित वृहद स्वरूप को देखते हुए समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में दोनों पक्षों के बीच कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। संघर्ष समिति पदाधिकारियों ने बताया कि वे जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपेंगे। जड़ सेक्टर स्कूल में जनसभा आयोजित करने के बाद लालकुआं तहसील में धरना दिया जाएगा और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगा।
प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगभग 200 वालंटियर तैनात किए गए हैं, जिनमें पूर्व सैनिक भी शामिल रहेंगे। प्रदर्शन में बुजुर्गों की भागीदारी को देखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दो एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, तहसीलदार कुलदीप पांडे और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा मौजूद रहे। वहीं संघर्ष समिति की ओर से संयोजक इंद्र सिंह पनेरी, कुंदन सिंह मेहता, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष खिलाफ सिंह दानू, वनाधिकार समिति अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, हरीश बिसौती, प्रभात पाल, प्रकाश मिश्रा, उमेश चंद्र भट्ट, पुष्कर सिंह दानू, गुरदयाल सिंह मेहरा सहित कई प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *