(बड़ी खबर)- आईजी रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में बड़ी सफलता: हल्द्वानी में महिला तस्कर 39.58 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार

Spread the love

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” विज़न को धरातल पर उतारने के लिए कुमाऊं पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में रेंज एसओटीएफ टीम और थाना वनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 39.58 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान अली मस्जिद के पास नाले के समीप बंद गली निवासी राबिया पत्नी फहीम उर्फ बबलू को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान महिला के पास से 39.58 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। बरामदगी के आधार पर महिला अभियुक्ता के खिलाफ थाना वनभूलपुरा में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस संयुक्त अभियान में थाना वनभूलपुरा पुलिस टीम के उप निरीक्षक मनोज यादव और कांस्टेबल दिलशाद अहमद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के तार किन-किन नशा तस्करों से जुड़े हैं और यह अवैध कारोबार कितने बड़े नेटवर्क का हिस्सा है।
आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उत्तराखण्ड को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के तहत मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। कुमाऊं पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी और अधिक तेज़ी से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *