बड़ी खबर -अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा – ढलान पर फिसलते ट्रक को रोकते समय चालक पैराफिट में दबा, मौके पर मौत

Spread the love

अल्मोड़ा। जिले के बिनसर क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की जान चली गई। हादसा अल्मोड़ा–ताकुला मोटर मार्ग पर अयारपानी के पास रविवार रात हुआ, जहां ढलान पर फिसलते ट्रक को रोकने की कोशिश करते समय चालक ट्रक और पैराफिट के बीच बुरी तरह दब गया।
जानकारी के अनुसार लोडेड ट्रक अल्मोड़ा से ताकुला की ओर जा रहा था। अयारपानी के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर ढलान की ओर खिसकने लगा। स्थिति को संभालने के लिए चालक भूपेंद्र सिंह (42) तुरंत वाहन से उतरा और टायर के नीचे पत्थर लगाकर ट्रक रोकने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान भारी लोड के दबाव से ट्रक अचानक और नीचे सरक गया और चालक को संभलने का मौका नहीं मिला। वह ट्रक के पिछले हिस्से और सड़क किनारे बने पैराफिट के बीच फंस गया।
रास्ते से गुजर रहे वाहन चालकों ने चालक को निकालने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक का वजन अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। रात 1:31 बजे घटना की सूचना जिला आपदा प्रबंधन को मिली, जिसके चार मिनट बाद मुख्य आरक्षी नवीन कुर्वेर के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई।
रेस्क्यू टीम ने आधुनिक एयर लिफ्टिंग बैग की मदद से ट्रक को हल्का उठाया और फंसे चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान भूपेंद्र सिंह पुत्र चंद्रमान, निवासी भिवानी (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *