हल्दुचौड़। ग्रामीण क्षेत्र दौलिया में मंगलवार को स्वास्थ्य जागरूकता की एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जब माधवी फाउंडेशन द्वारा एचसीएम जूनियर हाई स्कूल परिसर में निःशुल्क थायराइड जांच शिविर का आयोजन किया गया। दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य के प्रति अपनी सजगता का परिचय दिया।
शिविर में लगभग 60 ग्रामीणों ने अपनी थायराइड जांच कराई। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि अब ग्रामीण समाज भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो रहा है और समय पर जांच की आवश्यकता को समझने लगा है।
यह शिविर माधवी फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री पीयूष जोशी के नेतृत्व में तथा एसआरएल लैब के सहयोग से आयोजित किया गया। एसआरएल लैब की ओर से कलेक्शन सेंटर ऑनर सुश्री सुनैना सिजवाली और श्री अनिल राठौर ने जांच प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। साथ ही उन्होंने उपस्थित लोगों को थायराइड के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों की जानकारी भी दी।
शिविर के दौरान छात्र संघ कोषाध्यक्ष कमल पांडे, छात्र संघ उपाध्यक्ष संजना पांडे, विद्यालय प्रबंधक सौरभ पंत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं।
माधवी फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री पीयूष जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में थायराइड की समस्या तेजी से बढ़ रही है। इसके कारण वजन में असामान्य बदलाव, अत्यधिक थकान, बाल झड़ना और अन्य हार्मोनल समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में समय-समय पर जांच कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि संस्था भविष्य में भी जनहित में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया गया।

