(बड़ी खबर) अभी – अभी चम्पावत में गुलदार का हमला, 52 वर्षीय महिला गंभीर घायल — पांच टीमें तैनात, क्षेत्र में दहशत

Spread the love

 

चम्पावत जिले के बाराकोट विकासखंड के पुनई गांव में गुलदार के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार 52 वर्षीय तुलसी देवी गांव के समीप खेत में काम कर रही थीं, तभी अचानक घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला बुरी तरह जख्मी हो गईं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने किसी तरह गुलदार को भगाया और तुलसी देवी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। विभाग की ओर से पीड़िता को 25 हजार रुपये की अग्रिम आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से भी बातचीत की।

क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी की पुष्टि के बाद उसे पकड़ने के लिए पांच टीमें तैनात की गई हैं। वन विभाग ने संभावित स्थानों पर पिंजरे लगाए हैं। साथ ही, गुलदार को बेहोश कर पकड़ने के लिए विशेषज्ञ टीम को भी सक्रिय किया गया है।

गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। वन कर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अकेले जंगल या सुनसान क्षेत्रों में न जाएं और समूह में ही आवाजाही करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भय व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *