यूएई पर हमलों की पीएम मोदी ने निंदा की, भारत ने जताई एकजुटता ,भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर जताया आभार

Spread the love

नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर हुए हमलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरी चिंता जताते हुए उनकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बातचीत कर इस कठिन समय में भारत के समर्थन और एकजुटता का भरोसा दिलाया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि यूएई पर हुए हमलों में जानमाल के नुकसान से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि भारत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता का पक्षधर है तथा तनाव कम करने के सभी प्रयासों का समर्थन करता है।

प्रधानमंत्री ने यूएई में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और देखभाल के लिए राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का आभार व्यक्त किया। यूएई में करीब 35 लाख से अधिक भारतीय रहते हैं, जो वहां की सबसे बड़ी प्रवासी आबादी में शामिल हैं।
हमलों में तीन की मौत, एक भारतीय समेत 58 घायल
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पिछले दो दिनों में हुए हमलों में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि एक भारतीय नागरिक सहित 58 लोग घायल हुए हैं। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
यूएई स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि घायल भारतीय नागरिक खतरे से बाहर है। दूतावास ने कहा कि वह अस्पताल प्रशासन के संपर्क में है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। घायलों में पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश सहित अन्य देशों के प्रवासी भी शामिल हैं।

यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हमलों के दौरान दागी गई 165 बैलिस्टिक मिसाइलों में से 152 को नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा 541 ड्रोन में से 506 को मार गिराया गया।
इस बीच, अबू धाबी स्थित अमेरिकी दूतावास और दुबई स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने एहतियातन अपने कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *