आँचल दुग्ध संघ ने 20 लाभार्थियों को बांटे 2.98 लाख रुपये के सहायता चैक – बीमारी, अग्निकांड और पशुधन हानि से प्रभावित परिवारों को मिली राहत

Spread the love

 

लालकुआं। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने एक बार फिर संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों और दुग्ध समितियों से जुड़े कर्मचारियों को आर्थिक सहायता प्रदान की। संघ के प्रशासनिक भवन कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष मुकेश बोरा के नेतृत्व में 20 लाभार्थियों को कुल 2 लाख 98 हजार रुपये के सहायता चैक वितरित किए गए।

यह आर्थिक सहायता उन लोगों को दी गई जो आकस्मिक घटनाओं, गंभीर बीमारी और पशुधन की क्षति जैसी विषम परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। गौशाला में हुए भीषण अग्निकांड के कारण 10 पशुओं की मौत से प्रभावित पशुपालकों को राहत राशि प्रदान की गई। इसके अलावा गुलदार के हमले और अन्य कारणों से पशुओं की मृत्यु झेल रहे परिवारों को भी सहायता दी गई।

संघ की ओर से गंभीर बीमारी से जूझ रहे सात दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को भी आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। लाभार्थियों को 25 हजार, 21 हजार, 15 हजार, 12 हजार तथा 10 हजार रुपये के चैक वितरित किए गए।

सहायता राशि प्राप्त होने पर लाभार्थियों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया। कई परिवारों ने कहा कि कठिन समय में मिली यह मदद उनके लिए बड़ी राहत और संबल साबित होगी। लाभार्थियों ने इस सहयोग के लिए अध्यक्ष मुकेश बोरा एवं आँचल दुग्ध संघ का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आँचल दुग्ध संघ अपने दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों और दुग्ध समितियों से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के प्रति पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक घटना, बीमारी या नुकसान की स्थिति में प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाना संघ की जिम्मेदारी है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी संघ हर जरूरतमंद के साथ मजबूती और सहयोग के साथ खड़ा रहेगा।

कार्यक्रम में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी प्रबंधक उमेश पठालनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, प्रभारी एफओ शांति कोरंगा, प्रभारी यातायात पूरन चंद्र मिश्रा, प्रभारी अभियंत्रण राजेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक, पशुपालक, दुग्ध समिति के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *