हल्द्वानी / लालकुआं आँचल दुग्ध विक्रेताओं और उत्पादकों से सीधा संवाद , उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने के लिए वितरण प्रणाली मजबूत करने के निर्देश

Spread the love

आंचल दुग्ध संघ की व्यवस्थाओं का शासन स्तर पर औचक निरीक्षण

अपर सचिव सुरेश जोशी ने हल्द्वानी से ग्रामीण दुग्ध समितियों तक लिया व्यवस्थाओं का जायजा

नैनीताल दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की उपस्थिति पर जताया संतोष

लालकुआं। उत्तराखण्ड शासन के अपर सचिव एवं डेरी विकास विभाग के निदेशक सुरेश जोशी ने नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआं की विपणन गतिविधियों और दुग्ध उपार्जन व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हल्द्वानी नगर क्षेत्र में आंचल दुग्ध विक्रेताओं से मुलाकात कर दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की बिक्री, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान अपर सचिव ने विपणन व्यवस्था में आ रही समस्याओं और उनके समाधान को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण उत्पाद समय पर पहुंचाने के लिए वितरण प्रणाली को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

इसके बाद सुरेश जोशी ने नैनीताल दुग्ध संघ से संबद्ध हरीपुर कुंवर सिंह, बैडापोखरा एवं चांदनी चौक दुग्ध समितियों का दौरा कर दुग्ध संग्रहण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुग्ध उत्पादकों से सीधे संवाद कर शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचने की स्थिति का भी आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर उपस्थित मिले, जिस पर अपर सचिव ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने दुग्ध संघ की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बताते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी विपणन एवं प्रशासन संजय सिंह भाकुनी, प्रभारी पी एंड आई सुभाष बाबू, प्रभारी एफओ श्रीमती शांति कोरंगा, मार्ग प्रभारी श्रीमती लक्ष्मी पंत सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *