लालकुआं व्यापार मंडल चुनाव – अध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर के संकेत, नामांकन से गर्माया व्यापार मंडल चुनाव,

Spread the love

लालकुआं। नगर में व्यापार मंडल चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही बाजार क्षेत्र में चुनावी हलचल तेज हो गई। अध्यक्ष पद पर निवर्तमान अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट और व्यापारी नेता नरेश चौधरी आमने-सामने आ गए हैं, जिससे इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है।
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्य बाजार स्थित चुनाव कार्यालय में मुख्य चुनाव अधिकारी संजीव शर्मा की देखरेख में नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान संजय जोशी, सुभाष नागर, राजकुमार सेतिया, देवेंद्र न्यायल, रंजीत बोरा और अरुण जोशी भी मौजूद रहे।
सुबह 10 बजे से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया में व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया, जबकि महामंत्री पद के लिए तीन और कोषाध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की। इसके अलावा महिला उपाध्यक्ष पद पर एक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर तीन तथा उपाध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
अध्यक्ष पद पर मुकाबला इस बार सबसे अधिक चर्चा में है। नगर के प्रमुख व्यापारी एवं निवर्तमान अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट एक बार फिर मैदान में उतरे हैं, वहीं नरेश चौधरी ने भी मजबूत दावेदारी पेश कर चुनाव को रोचक बना दिया है। दोनों प्रत्याशी लगातार व्यापारियों के बीच जनसंपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 24 मई को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद 31 मई को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इधर अध्यक्ष पद के दोनों प्रत्याशी दीवान सिंह बिष्ट और नरेश चौधरी ने व्यापारियों से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए व्यापारियों के हितों के लिए मजबूती से काम करने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *