(बड़ी खबर ) – हल्द्वानी ओलिव लाउंज रेस्टोरेंट में लगी आग, मौजूद लोगों ने बाहर निकलकर बचाई जान , चिमनी से उठी आग ने किचन को लिया चपेट में, दमकल विभाग मौके पर दिखाई तत्परता 

Spread the love

 

हल्द्वानी। नैनीताल रोड स्थित एमबीपीजी कॉलेज के पास शनिवार शाम करीब सात बजे ओलिव लाउंज रेस्टोरेंट में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के दौरान रेस्टोरेंट में बैठे लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग लगने से रेस्टोरेंट की चिमनी, तंदूर की भट्ठी, एसी, बिजली के तार समेत अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार नैनीताल रोड पर विपिन सनवाल ओलिव लाउंज रेस्टोरेंट संचालित करते हैं। शनिवार शाम रेस्टोरेंट में लोग बैठे हुए थे, इसी दौरान किचन में लगी चिमनी से अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने किचन को अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलते ही रेस्टोरेंट में अफरातफरी मच गई और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए।
इस बीच रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए अंदर रखे चार गैस सिलिंडरों को बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई, जिसके करीब दस मिनट बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंच गया।
एफएसओ मिंदर पाल सिंह ने बताया कि दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर करीब आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया। आग से चिमनी, तंदूर की भट्ठी, एसी और बिजली का सामान जल गया है।
घटना के चलते नैनीताल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, अन्यथा आसपास स्थित बैंक और किताबों की दुकानों तक भी आग पहुंच सकती थी। दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा नुकसान होने से बच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *