हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारबंद बदमाशों द्वारा अंजाम दी गई सनसनीखेज डकैती के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई पीली धातु की चेन और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी के साथ ही डकैती कांड में पुलिस की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है और फरार आरोपियों पर भी शिकंजा कसता जा रहा है।
उन्नीस अगस्त की शाम गोरापड़ाव में मचा था हड़कंप
उन्नीस अगस्त को डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि गोरापड़ाव क्षेत्र में करीब दस से बारह हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही हल्द्वानी पुलिस मौके पर पहुंची। वादी नारायण दास निवासी अम्बा बिहार, तीनपानी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। आरोप था कि हथियारबंद बदमाशों ने कार्यालय/गैराज में धावा बोलकर करीब आठ लाख रुपये, बारह मोबाइल फोन, तीन सोने की चेन और अंगूठी समेत अन्य सामान लूट लिया।
एसएसपी ने खुद संभाली कमान
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल करीब पचास पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित कर दी थीं। एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी हल्द्वानी, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी के साथ थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस और डॉग स्क्वायड को जांच में लगाया गया। एसएसपी ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीमों को अलग-अलग टास्क सौंपे।
सीसीटीवी और सर्विलांस ने खोली बदमाशों की परतें
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस और सुरागरसी का सहारा लिया। जांच आगे बढ़ी तो डकैती में शामिल आरोपियों की कड़ियां जुड़ती चली गईं। पुलिस इससे पहले यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह, अफजल मलिक, साहब सिंह उर्फ साबी और गुरवंत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
चोरगलिया में दबोचा गया गुरजन्ट
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इसी क्रम में सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पांच सितंबर को गलफार गेट, चोरगलिया से गुरजन्ट सिंह उर्फ जिन्टा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरजन्ट सिंह उर्फ जिन्टा पुत्र दर्शन सिंह, निवासी वार्ड नंबर आठ, गणेश मंदिर, थाना सितारगंज, ऊधमसिंह नगर, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है।
कब्जे से चेन और नकदी बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक पारदर्शी डिब्बे में रखी पीली रंग की गले की चेन तथा पांच-पांच सौ रुपये के तीस नोट, कुल 15 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। मामले में धारा 61(2)/317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस अब डकैती में शामिल अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार दबिश दे रही है। गोरापड़ाव डकैती कांड में एक के बाद एक गिरफ्तारी से साफ है कि पुलिस ने इस मामले को ठंडे बस्ते में डालने के बजाय बदमाशों की तलाश में अपना शिकंजा लगातार कस रखा है।
