हल्द्वानी (नैनीताल)। नैनीताल जिले में बच्चों से जुड़ी यौन शोषण सामग्री (CSAM) डाउनलोड किए जाने के मामले में साइबर पुलिस ने एमएससी प्रथम वर्ष के एक छात्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गृह मंत्रालय के अधीन इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) से मिले इनपुट के आधार पर कुमाऊं साइबर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने छात्र के घर पहुंचकर उसके और परिवार के मोबाइल फोन जांच के लिए कब्जे में लिए हैं। वहीं, छात्र को नोटिस जारी कर जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
मामला काठगोदाम थाना क्षेत्र के दमुवाढूंगा स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी का है। पुलिस के अनुसार, यहां रहने वाले एमएससी प्रथम वर्ष के छात्र नीलाभ राज शाही के मोबाइल पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी से संबंधित वीडियो डाउनलोड किए जाने की सूचना मिली थी। यह मामला I4C की साइबर टिपलाइन रिपोर्ट के माध्यम से केंद्रीय एजेंसी के संज्ञान में आया, जिसके बाद कुमाऊं यूनिट की साइबर थाना पुलिस को जांच के लिए इनपुट प्राप्त हुआ।
शनिवार शाम साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम छात्र के घर पहुंची। टीम में एएसआई सत्येंद्र गंगोला, विनोद बिष्ट, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल मोहम्मद उस्मान शामिल रहे। साइबर कमांडो एएसआई विनोद बिष्ट और कांस्टेबल मोहम्मद उस्मान ने मोबाइल फोन की तकनीकी जांच की। पुलिस ने छात्र की मां के मोबाइल फोन के इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की। इसके बाद मोबाइल फोन और अन्य जरूरी डिजिटल सामग्री को जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया।
वॉट्सऐप ग्रुप से जुड़े होने की भी जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र वॉट्सऐप पर ‘TW CLASS’ नाम के एक ग्रुप से जुड़ा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, तरुण बृजवासी नाम के व्यक्ति ने उसे इस ग्रुप में जोड़ा था। अब साइबर पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ग्रुप में बच्चों से जुड़ी यौन शोषण सामग्री साझा की गई थी या नहीं। इसके साथ ही ग्रुप के अन्य सदस्यों और छात्र की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
सितंबर 2025 में पोलैंड गया था छात्र
जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी भी मिली कि छात्र सितंबर 2025 में पोलैंड गया था और वहां करीब ढाई महीने रहने के बाद भारत लौटा था। साइबर पुलिस विदेश में रहने के दौरान उसकी डिजिटल गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
क्या है चाइल्ड पोर्नोग्राफी और क्या कहता है कानून?
बच्चों से जुड़ी अश्लील या यौन शोषण की तस्वीरों, वीडियो और अन्य सामग्री को बाल यौन शोषण सामग्री (CSAM) कहा जाता है। इसमें 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यौन शोषण या यौन गतिविधियों से संबंधित सामग्री में दिखाया जाता है। भारत में ऐसी सामग्री का निर्माण, प्रकाशन, प्रसारण और कानून के तहत जानबूझकर डाउनलोड या संग्रह करना दंडनीय हो सकता है।
सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67बी के तहत पहली बार दोषसिद्धि पर पांच वर्ष तक की कैद और दस लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। दोबारा दोषसिद्धि होने पर सात वर्ष तक की कैद और दस लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है। वहीं, POCSO अधिनियम की धारा 15 के तहत बच्चों से संबंधित यौन शोषण सामग्री को संग्रहित रखने के मामलों में भी परिस्थितियों और उद्देश्य के आधार पर कार्रवाई का प्रावधान है।
सिर्फ ग्रुप में शामिल होना अपराध साबित नहीं करता
कानूनी तौर पर किसी वॉट्सऐप ग्रुप का सदस्य होना अपने आप में अपराध सिद्ध करने के लिए पर्याप्त नहीं है। जांच में यह देखना जरूरी होता है कि संबंधित व्यक्ति को सामग्री की जानकारी थी या नहीं, उसने जानबूझकर उसे डाउनलोड या संग्रहित किया अथवा साझा और प्रसारित किया। दोषसिद्धि डिजिटल साक्ष्यों और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही तय होती है।
साइबर थाना प्रभारी ने की FIR की पुष्टि
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और छात्र को नोटिस जारी किया गया है। मोबाइल फोन तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



