फर्जी आईडी बनाकर पत्नी की फोटो पर अश्लील कमेंट करना पड़ा भारी, आरोपी को पुलिस ने दबोचा
सोशल मीडिया पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला की फोटो पर अश्लील एवं आपत्तिजनक कमेंट करने वाले आरोपी को रामनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बार-बार फर्जी आईडी बनाकर पीड़िता को परेशान कर रहा था। तकनीकी जांच और साइबर विश्लेषण के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंची।
वादी अरुण कुमार ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर बताया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इंस्टाग्राम पर लगातार फर्जी आईडी बनाई जा रही है और उनकी पत्नी की फोटो लगाकर उस पर अश्लील एवं आपत्तिजनक कमेंट किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं एवं आमजन को परेशान करने तथा साइबर अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में कोतवाली रामनगर पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने मामले की गहनता से जांच की।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर विश्लेषण के माध्यम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने जितेंद्र सैनी पुत्र श्याम लाल, निवासी पूछड़ी, थाना रामनगर, जनपद नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिसकी जांच में फर्जी इंस्टाग्राम आईडी संचालित किए जाने से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। पुलिस के अनुसार मामले में FIR No. 284/2026 के तहत धारा 79 BNS एवं 67A, 66D IT Act में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर महिलाओं को परेशान करने वाले लोगों में भी संदेश गया है कि साइबर अपराधों में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकती है।
