देहरादून। राजधानी देहरादून में स्पा सेंटर के बाहर एक गर्भवती महिला के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। तीन माह की गर्भवती महिला अपने पति के बारे में जानकारी जुटाने स्पा सेंटर पहुंची थी। आरोप है कि वहां से लौटते समय एक महिला और पुरुष ने उसे रास्ते में घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर का स्प्रे कर दिया। इतना ही नहीं, उसे जबरन खींचकर स्पा सेंटर के भीतर ले जाने का प्रयास भी किया गया।
घटना मंडी चौक स्थित अमेनज़ स्पा सेंटर की बताई जा रही है। खुड़बुड़ा निवासी साइमा ने पटेलनगर थाने में दी शिकायत में बताया कि 19 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे वह अपने पति के संबंध में जानकारी लेने स्पा सेंटर पहुंची थी। वहां मौजूद कर्मचारियों ने पति के बारे में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद वह सेंटर से बाहर निकलकर घर जाने लगी। इसी दौरान पार्किंग गेट पर एक काले रंग की कार आकर रुकी। कार से उतरी महिला और पुरुष ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट की और आंखों में मिर्च स्प्रे कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उसे जबरन खींचकर सेंटर के भीतर ले जाने की कोशिश की गई। हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
साइमा ने पुलिस को बताया कि वह तीन माह की गर्भवती है। घटना के बाद उसने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नेहा नाम की महिला को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



