लालकुआं बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की मांग तेज, मुख्यमंत्री के दौरे से पहले ग्रामीणों में जगी उम्मीद, आश्वासन पूरे नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

Spread the love

 

लालकुआं। बिंदुखत्ता को वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 23 नवंबर को प्रस्तावित बिंदुखत्ता दौरे से पहले ग्रामीणों में लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है। वहीं, पूर्व में मिले आश्वासनों के बावजूद शासन स्तर पर ठोस निर्णय नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।

 

मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र में पहुंचे कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के आश्वासन के बाद भी सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आने पर वन अधिकार संगठन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने 5 अक्टूबर से तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर रखा है। संगठन का कहना है कि बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने से संबंधित पत्रावली जिला स्तरीय समिति (डीएलसी) से स्वीकृत होने के बावजूद शासन स्तर पर लंबित है।

 

ग्रामीणों के अनुसार, सचिवालय स्तर पर अधिकारियों की ओर से यह दावा किया गया है कि शासन से आदेश मिलते ही महज दो घंटे के भीतर राजस्व ग्राम की अधिसूचना जारी की जा सकती है। इसके बावजूद फाइल पर निर्णय नहीं होना ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

 

इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के उस बयान पर भी वन अधिकार संगठन ने कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें बिंदुखत्ता का मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन होने की बात कही गई थी। संगठन का दावा है कि सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त जानकारी और सुप्रीम कोर्ट में उपलब्ध दस्तावेजों से स्पष्ट हुआ है कि बिंदुखत्ता से संबंधित कोई मामला न्यायालय में लंबित नहीं है और न ही इस संबंध में कोई रोक लगी है।

 

संगठन के मुताबिक, इसके बाद उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने करोड़ों रुपये का बजट स्वीकृत कर वर्ष 2006 से लंबित बिंदुखत्ता के विद्युतीकरण कार्य को गति दी है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे में सुप्रीम कोर्ट में मामला लंबित होने की बात कहकर राजस्व ग्राम की प्रक्रिया को रोकने का तर्क देना उचित नहीं है।

 

वन अधिकार संगठन ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए राजस्व ग्राम की मांग से जुड़े उच्च स्तरीय अधिकारियों, विशेषकर राजस्व सचिव के साथ बैठक के लिए समय मांगा है। संगठन को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री इस बार केवल आश्वासन देने के बजाय राजस्व ग्राम की अधिसूचना जारी करने की दिशा में ठोस निर्णय लेकर पहुंचेंगे।

 

ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्वागत सम्मान और उम्मीद के साथ किया जाएगा, लेकिन यदि 23 नवंबर को भी उनकी वर्षों पुरानी मांग पर कोई सकारात्मक पहल नहीं होती है तो आंदोलन की आगामी रणनीति तय कर इसे और व्यापक स्तर पर तेज किया जाएगा।

 

ग्रामीणों के मुताबिक, राजस्व ग्राम का दर्जा नहीं मिलने से क्षेत्र के हजारों छोटे और सीमांत किसानों को कृषि संबंधी सुविधाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को बीज, खाद, कृषि सामग्री की उपलब्धता, फसलों की बिक्री और उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने में भी परेशानी हो रही है। वन अधिकार संगठन ने शासन से डीएलसी द्वारा स्वीकृत पत्रावली को तत्काल राजस्व विभाग को भेजकर अधिसूचना जारी करने तथा किसानों को जरूरी कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement