भीमताल। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के साथ आगामी राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी सरकारी एवं निजी चिकित्सालयों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार, जरूरी जांच और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने प्रसव पूर्व जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय रहते पहचान और बेहतर रेफरल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपचार के अभाव में किसी भी गर्भवती महिला की मृत्यु न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग प्रभावी कदम उठाए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी करते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी ने 22 नवंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान को पूरी गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान में कोई भी पांच वर्ष तक का बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत शून्य से पांच वर्ष तक के कुल 1,21,242 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के लिए जिले में 626 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इनमें 448 सामान्य बूथ, 152 हाई रिस्क एरिया बूथ और 26 ट्रांजिट बूथ शामिल हैं। इन बूथों पर 1,252 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त बूथ दिवस के बाद घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 825 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 1,650 कर्मचारी तैनात रहेंगे।
अभियान की निगरानी के लिए 140 बूथ सुपरवाइजर और 166 हाउस-टू-हाउस सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। वहीं टीकाकरण के लिए 7,620 पोलियो वैक्सीन वायल की व्यवस्था की गई है। वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था भी दुरुस्त की गई है। इसके तहत 40 कोल्ड चेन यूनिट, 47 आइस लाइन रेफ्रिजरेटर, 54 डीप फ्रीजर, 2,030 वैक्सीन कैरियर और 10,338 आइस पैक उपलब्ध कराए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने अभिभावकों से अपील की कि वे 22 नवंबर को अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि बूथ पर किसी कारणवश नहीं पहुंच पाने वाले बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी।
उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक बच्चे का टीकाकरण बेहद जरूरी है। अभियान की सफलता के लिए अभिभावकों और आम जनता की सहभागिता महत्वपूर्ण है।



